राजपुरा पंचायत प्रधान पर हमला

नालागढ़ (सोलन)। राजपुरा पंचायत के प्रधान पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला बोल दिया। वारदात को अंजाम उस वक्त दिया जब प्रधान सुबह अपनी दुकान खोल रहा था। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। नालागढ़ अस्पताल में उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। प्रधान पर हुए इस हमले से गुस्साए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस थाना नालागढ़ का घेराव किया और आरोपियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
पुलिस के मुताबिक रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। बुधवार कुछ युवकों के साथ प्रधान की बहसबाजी भी हुई है। उस वक्त सभी बाजार में घूम रहे थे। पुलिस के मुताबिक युवकों में मनोहर पुत्र पम्मी, संजीव कुमार पुत्र रणजीत, प्रवीण कुमार पुत्र हरगोविंद, दिनेश उर्फ नीलू पुत्र हरगोविंद, सुदेश कुमार पुत्र प्रेम चंद, दिनेश उर्फ गोपी पुत्र पम्मी शामिल थे। मारपीट करने वाले युवा प्रधान को जान से मारने की भी धमकियां दे गए हैं।
इस संबंध में घायल प्रधान हरिओम के अनुसार वह जनप्रतिनिधि होने के नाते ही युवकों को समझा रहे थे और उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा, लेकिन युवकों ने वीरवार को उस पर हमला ही बोल दिया। वहीं प्रधान पर हुए हमले से आहत जिप सदस्य कुलविंदर कौर, बीडीसी हरमिंद्र सिंह, संजू, राकेश, मान सिंह, जसपाल सिंह आदि ने पुलिस थाने में आकर घेराव किया और आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि पुलिस ने दुकान में घुसकर मारपीट, हिंसा, जान से मारने की धमकियां देने का मामला दर्ज कर अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

पंचायत प्रधान एसोसिएशन ने किया कड़ा विरोध
नालागढ़ (सोलन)। पंचायत प्रधान एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और एसोसिएशन का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। पंचायत प्रधान एसोसिएशन के प्रधान विजय ठाकुर, महासचिव जगदीश सैणी, कोषाध्यक्ष धनीराम काला आदि ने डीएसपी व एसडीएम से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस बारे में पंचायत प्रधान एसोसिएशन ने शुक्रवार को एक आपात बैठक भी बुलाई है और यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना प्रदर्शन करने को बाध्य हो जाएंगे।

Related posts