
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में दो विभिन्न दुर्घटनाओं में दो लोगों को मौत हो गई है। पुलिस ने नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है। मरने वाले दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
पहली घटना मानपुरा क्षेत्र के ढेला गांव में हुई। उत्तर प्रदेश के गांव सकरन जिला सीतापुर निवासी 30 वर्षीय सुरेंद्र कुमार ढेला गांव के रामकरण के मकान में किरायेदार के रूप में रह रहा था। बुधवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह छत पर कपडे़ डाल रहा था। जिससे लटकी बिजली की तारों से वह करंट की चपेट में आ गया। बेहोशी की हालत में उसे नालागढ़ चिकित्सालय ले जा रहे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मृतक के भाई भागीरथ को सौंप दिया है।
दूसरी घटना थाना गांव में हुई। यहां पर उत्तर प्रदेश के जिला अकबरपुर के रवरा गांव का नफीस मोहम्मद पुत्र सद्धीद मोहम्मद किराए के मकान में रह रहा था। नफीस मोहम्मद देर शाम करीब 9 बजे छत पर फोन सुन रहा था। फोन सुनते हुए वह साथ लगती छत दूसरी छत पर जा रहा था। अचानक पांव फिसलने से वह गली में गिर गया। जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे निजी वाहन से नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया जा रहा था कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बद्दी पुलिस ने नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव उसके भाई मोहम्मद अनीस को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। एसपी अरूल कुमार ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनो के पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
