
शिमला। वाहन लेकर इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) आने वाले मरीजो और उनके तीमारदारो को चालान की चिंता से मुक्ति मिलने वाली है। कॉलेज के सामने वाली सड़क (संजौली-लक्कड़ बाजार) पर ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ियां खड़ी करने के लिए कुछ जगहें चिह्नित की हैं। इसके लिए यहां पर यलो लाइन लगाया जाना प्रस्तावित है। हालांकि इन जगहों पर अभी भी गाड़ियां खड़ी रहती हैं, लेकिन यहां आए दिन गाड़ियों के चालान होते हैं। कम से कम 500 रुपये जुर्माना होता है। कई मर्तबा पुलिस की क्रेन गाड़ी उठाकर ले जाती है। गाड़ी मालिक को जुर्माने के तौर पर 2500 रुपये तक जुर्माना भरना पड़ता है।
पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने अपने स्तर पर शहर में सर्वे किया। आईजीएमसी के अलावा टुटू में भी कुछ जगहों को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा शहर के बाकी हिस्सों में भी यलो लाइन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। आईजीएमसी में करीब 50 गाड़ियां और टुटू में करीब 30 गाड़ियां पार्क हो पाएंगी। डीसीपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि यलो लाइन लगाने की मंजूरी के लिए प्रशासन के पास प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही यलो लाइन लगा दी जाएगी।
