
सरकाघाट (मंडी)। मानसून के दौरान सरकाघाट उपमंडल में किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग अपनी मशीनरी तैयार रखें, ताकि आपदा से होने वाले जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आपदा प्रबंधन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम रोहित राठौर ने कहा कि लोक निर्माण, पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य तथा राजस्व विभाग प्राकृतिक आपदा के दौरान आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर सक्रियता से कार्य करेंगे। अधिकारी समय-समय पर आपदा प्रबंधन योजना की भी समीक्षा करें। उन्होंने पुलिस विभाग से कहा कि संधोल तथा सरकाघाट तहसील के लिए हाई फ्रिक्वेंसी वायरलेस सेट उपलब्ध करवाए जाएं। ताकि संचार व्यवस्था ठप होने की स्थिति में आपस में संपर्क बनाया जा सके।
उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सलाह दी कि वे बरसात के दौरान पेयजल भंडारण टैंकों में क्लोरीन डालना सुनिश्चित करें। चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वे आपदा प्रबंधन के दौरान जीवन रक्षक दवाइयों का भंडारण सुनिश्चित करें। लोगों से आह्वान किया कि वे बरसात के दौरान अपनी जान को जोखिम में डालकर नालों, खड्डों और नदियों को आर-पार न करें और न ही अपने पशुओं को चराने के लिए ऐसे स्थानों पर ले जाएं। बैठक में डीएसपी संजीव भाटिया, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी बीआर चौहान, तहसीलदार संधोल कुलदीप पटियाल, तहसीलदार सरकाघाट पवन कुमार शर्मा, आईपीएच के अधिशासी अभियंता डीएस राणा आदि मौजूद रहे।
