झंडूता बस अड्डे में अब नहीं होगा ट्रैफिक जाम

झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता बस अड्डे में लोगों को अब ट्रैफिक जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। समस्या के समाधान के लिए झंडूता पुलिस चौकी के नवनियुक्त प्रभारी एएसआई पदमदेव ने पहल की है। इसके तहत बसों व टैक्सियों की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। साथ ही बस स्टैंड में शौचालय के लिए भी भूमि चयनित की गई है। जल्द ही लोगों को शौचालय की सुविधा भी मिल जाएगी।
गौरतलब है कि झंडूता बस स्टैंड में मिट्टी के ढेरों के कारण बसें और टैक्सियां बेतरतीब ढंग से खड़ी रहती थीं। इसके चलते बस अड्डे में अक्सर ट्रैफिक जाम की नौबत आ जाती थी। अब यह समस्या नहीं रहेगी। झंडूता पुलिस चौकी प्रभारी पदमदेव ने टैक्सी चालकों के सहयोग से मिट्टी हटवाई। इसके बाद वहां सरकारी व निजी बसों के साथ ही टैक्सियों के लिए पार्किंग स्थान चिन्हित किए गए।
बसें व टैक्सियां खड़ी करने के लिए स्थान चिन्हित करने के साथ ही चौकी प्रभारी ने लोक निर्माण व राजस्व विभाग के कर्मचारियों को साथ लेकर शौचालय निर्माण के लिए भी भूमि चयनित की। शौचालय बन जाने से लोगों की यह समस्या भी दूर हो जाएगी। एएसआई पदमदेव ने कहा कि कानून व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर झंडूता व्यापार मंडल के प्रधान अनिल धीमान, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता कृष्णकांत चौहान, कार्य निरीक्षक किशोरीलाल तथा पटवारी धर्म सिंह व अमरनाथ के साथ ही शंकर गौतम, बलदेव सिंह, दिनेश चंदेल, अनिल चंदेल, रमेश चंदेल, दीप धीमान, पवन कुमार, राजेश, आसिफ, रशीद व अमीन मोहम्मद आदि भी मौजूद थे।

Related posts