बिलासपुर में दयनीय स्थिति में सड़कें

बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश से सड़कें दयनीय स्थिति में पहुंच गई हैं। बारिश का पानी सड़कों पर एकत्रित हो रहा है। पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई नालियां भी पूरी तरह से बंद हो गई हैं। इससे सड़कों को नुकसान हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल बरठीं के तहत सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां मात्र शोपीस बन कर रह गई हैं। पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां अधिकतर स्थानों पर टूटी हुई हैं। कई जगह नालियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई हैं। बारिश का पानी नालियों से न होकर सड़क से होकर गुजर रहा है। बारिश का अधिकतर पानी सड़क से होकर बहता है, जिससे सड़कें लगातार टूट रही हैं। बरठीं—छत सड़क पर इस प्रकार का आलम देखा जा सकता है। सड़क किनारे उगी झाड़ियां भी हादसों को न्योता दे रही हैं। वहीं कई जगह लोगों द्वारा घरों का पानी लंबी पाईपों के माध्यम से सड़कों पर फेंका गया है, जिस कारण भी सड़कों को नुकसान हो रहा है। यही हालात बरठीं—झंडूता, बरठीं-बड़गांव, बरठीं-करलोटी सड़कों का भी है। बरठीं झंडूता सड़क पर कई स्थानों पर पानी इकट्ठा होने से तालाबनुमा हालात बने है। क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय विधायक एवं सीपीएस राजेश धर्माणी, संबधित विभाग से मांग की है कि आम जनता की समस्या को ध्यान में रखते हुए इस ओर उचित कदम उठाए जाएं।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रमोद कश्यप ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेजकर नालियों की सफाई करवाई जाएगी। मौसम ठीक होते ही नालियों व सड़कों का मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।

Related posts