सड़क की चौड़ाई ज्यादा, पुल की कम

कंदरौर (बिलासपुर)। शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग 103 पर अवारी के पास स्थित लोहे के पुल के समीप दोनों ओर पैरापिट न होने के कारण किसी भी समय अप्रिय घटना घट सकती है। इस पुल की चौड़ाई भी अन्य पुलों की अपेक्षा कम है। इससे यहां गुजरने वाले लोगों, पर्यटकों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर हर रोज सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। यह पुल काफी संकीर्ण होने की वजह से इस पुल पर एक समय में केवल एक गाड़ी ही गुजर सकती है। इस कारण कई बार यहां पर जाम की भी स्थिति बन जाती है। इसके अलावा पुल के दोनों तरफ पैरापिट न होने के कारण यहां पर कभी भी हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी राजकुमार, श्याम लाल, रोशन लाल, विकास चंदेल, संतोष कुमार, अमित कुमार, सीता राम, अनिल कुमार सहित अन्य ने कहा कि इस पुल के दोनों ओर बने पैरापिट टुटे हुए हैं। लेकिन विभाग ने आज तक इन्हें ठीक करने की जहमत नहीं उठाई। विभाग की छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे पहले भी यहां पर कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि इस पुल के दोनों ओर जल्द से जल्द पैरापिट लगाए जाएं ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
नेशनल हाइवे जुखाला के सहायक अभियंता ने कहा कि उच्च अधिकारियों को पुल के दोनों ओर पैरापिट लगाने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही पुल के दोनों ओर पैरापिट लगाए जाएंगे।

Related posts