तीसा के तीन स्कूलों के पास अपना भवन नहीं

तीसा (चंबा)। प्रदेश की सरकारों के बेहतर शिक्षा सुविधा मुहैया करवाने के दावे तीसा में खोखले साबित हो रहे हैं। हालत यह है कि शिक्षा खंड तीसा में तीन प्राइमरी स्कूलों को आज तक अपना भवन नसीब नहीं हो पाया है। स्कूल का अपना भवन न होने के कारण निजी भवनों में बच्चों की पढ़ाई हो रही है। इस कारण स्कूली छात्रों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक प्राइमरी स्कूल चिरवाड़ी दो, दौणा और बाड़ा स्कूल के पास अपना भवन नहीं है। इन स्कूलों को खुले हुए लगभग डेढ़ साल का समय हो गया है, लेकिन आज तक अपना भवन नहीं मिल पाया है। स्थानीय निवासी राकेश कुमार, रूप लाल, हेम राज, धीरेंद्र सिंह, लाल चंद, होशियार चंद, विनोद कुमार और विजय ने बताया कि ये स्कूल ग्रामीणों के घरों में चल रहे हैं, अगर किसी के घर में कोई कार्यक्रम हो तो बच्चों को खुले आसमान तले पढ़ाई करनी पड़ती है। इस कारण बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन स्कूलों के लिए जल्द भवन का निर्माण किया जाए। इस संबंध में बीपीओ मीना शर्मा ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों को इस बारे अवगत करवा दिया गया है, इसके अलावा भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही बजट का प्रावधान होता है स्कूल भवन का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts