ऑनलाइन भरे जाएंगे छात्रवृत्ति फार्म

चंबा। अब विद्यार्थियों के स्कालरशिप फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ई-पास सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है। योजना के सिरे चढ़ते ही समस्त कालेजों और स्कूलों में स्कॉलरशिप फार्म भरने का कार्य आनलाइन हो जाएगा और विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप सीधे उनके खाते में जाएगी। ई-पास सॉफ्टवेयर के बारे में शिक्षा विभाग जुलाई माह में समस्त स्कॉलरशिप इंचार्जों को विशेष ट्रेनिंग देगा। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 1 और 2 जुलाई को बाल स्कूल धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। विशेषज्ञ धर्मशाला में जिला चंबा के 15 कलस्टरों के शिक्षक, समस्त वरिष्ठ माध्यमिक प्राइवेट स्कूलों और जिला के समस्त कालेजों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जिला के कालेजों और प्राइवेट स्कूलों के एक-एक शिक्षक का ट्रेनिंग में भाग लेना अनिवार्य है। चंबा जिला के कलस्टर बनीखेत, भरमौर, बाल वरिष्ठ स्कूल चंबा, चुवाड़ी, गरोला, करियां, कियाणी, मैहला, किलाड़, सलूणी, सिहुंता, सुंडला, तीसा, गैहरा, कल्हेल के एक-एक शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के आदेश दिए हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि दो दिवसीय ट्रेनिंग शिविर में भाग लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला के प्राइवेट सीनियर सेकेंडरी और 15 कलस्टरों के एक-एक शिक्षकों को ट्रेनिंग में भाग लेने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग में स्कालरशिप इंचार्ज भाग लें तो बेहतर होगा। शिविर में ई-पास सॉफ्टवेयर के बारे में बारीकी से जानकारी दी जाएगी।

Related posts