
चंबा। जिला में तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश लोगों के साथ-साथ सरकारी महकमों के लिए भी आफत बन गई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग को तीन दिनों में भारी नुकसान हुआ है। एचआरटीसी को विभिन्न मार्गों पर गाड़ियां फंसने से करीब एक लाख रुपये का घाटा हुआ है। एचआरटीसी की बुधवार को भरमौर लाइन पर छह, तीसा क्षेत्र में चार और चंबा भाला मार्ग पर एक गाड़ी फंसी रही। ये बसें निर्धारित समय पर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पाईं। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा अ। क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा विनोद कुमार ने बताया कि विभिन्न मार्ग बंद रहने से बसें निर्धारित समय पर डिपो में नहीं पहुंच पाई। मार्गों पर फंसी सभी फंसे बिना सवारियों के डिपो में पहुंची हैं। इससे निगम को घाटा उठाना पड़ा है। वहीं, आईपीएच की भी कई लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
बारिश से आईपीएच को चार करोड़ की चपत
चंबा। जिला में कु छ दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की दर्जनों पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इस कारण विभाग को लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला में विभाग की 700 के करीब पेयजल और सिंचाई योजनाएं हैं। इसमें से बारिश के कारण दर्जनों स्कीमों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि विभाग के पास अभी तक इसकी पूरी रिपोर्ट नहीं पहुंची है। विभाग की ओर से सभी मंडलों के अधिशासी अभियंताओं से नुकसान की रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। अभी तक मिली रिपोर्ट के मुताबिक विभाग को लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान होने की सूचना है। नुकसान की पूरा आकलन विभिन्न मंडलों से पूरी रिपोर्ट आने के बाद होगा। सूत्रों की मानें तो बारिश के कारण जिला में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की दर्जनों पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं। कई पेयजल स्रोत पानी में बह गए हैं। इसके अलावा कई जगह से पाइप लाइनें टूटने की भी सूचना है। इससे विभाग को काफी नुकसान हुआ है। इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके चौधरी ने बताया कि अभी तक मिली रिपोर्ट के मुताबिक विभाग को बारिश से लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अभी तक नुकसान की पूरी रिपोर्ट विभाग के पास नहीं पहुंची है।
बारिश में बह गए लोनिवि के साढ़े तीन करोड़
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में भारी बारिश के कारण लोक निर्माण को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बरसात शुरू होते ही विभाग को काफी घाटा उठाना पड़ा है। जानकारी के मुताबिक इस बार मानसून समय से पहले आ जाने के कारण इलाके में भारी बरसात हो रही है। इस कारण कई सड़कें मलबे में दब गई हैं, जबकि कई जगह डंगे ढह जाने के कारण सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। यही नहीं बारिश के दौरान भूस्खलन होने के कारण विभाग के कई जगह पैरापिट उखड़ गए हैं। इससे विभाग को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस पठानिया ने बताया कि इस बार बरसात शुरू होते ही लोक निर्माण विभाग को लगभग साढ़े तीन करोड़ का नुकसान हो चुका है। उन्होंने बताया कि अभी तो बरसात शुरू हुई है अगर पूरी बरसात में यही हाल रहा तो विभाग को काफी नुकसान हो सकता है।
