
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। नगर पंचायत ज्वालामुखी ने हाउस टैक्स अदा न करने वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कर दिया है। बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद हाउस टैक्स न देने वाले एक हजार उपभोक्ताओं को टैक्स अदायगी के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। इनसे नपं ने 95 लाख रुपए का हाउस टैक्स वसूलना है।
जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत को हाउस होल्डर टैक्स की अदायगी नहीं कर रहे हैं। टैक्स जमा करवाने के बारे में नपं कई बार सूचित भी कर चुकी है, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हो रहा। पहले भी नपं कई बार हाउस होल्डर को नोटिस भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा नपं को 15 दुकानदारों ने भी किराये की अदायगी नहीं की है। दुकानदारों ने 50 हजार रुपए किराया देना है। इन दुकानदारों को भी नपं ने नोटिस जारी कर दिए हैं। इन्हें भी 30 दिनों के अंदर ही किराया अदा करना होगा। नपं की ओर से बार-बार किराया और हाउस टैक्स अदायगी के लिए इनको नोटिस के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। उधर, संघर्ष समिति के अध्यक्ष एसएन डोगरा ने बताया कि पुराना गृहकर माफ किया जाए और नए सिरे से गृहकर लगाया जाए।
शहर के विकास के लिए टैक्स जरूरी
नगर पंचायत प्रधान अनिलप्रभा व उपप्रधान अनीश सूद ने कहा कि शहर के विकास के लिए जनता से गृहकर वसूला जाना अति आवश्यक है। इसके लिए जनता की मांग पर दोबारा पैमाइश करवाई जाएगी, ताकि जनता जल्द से जल्द गृहकर जमा करवाए और शहर के विकास को गति मिले। एक हजार हाउस होल्डरों से 95 लाख रुपए वसूल करना है, जबकि 15 दुकानदारों से 50 हजार रुपए वसूला जाना है। उन्होंने बताया कि इनको 30 दिनों के अंदर टैक्स और किराया अदा करना होगा।
