
बागेश्वर। सरयू नदी में सुरक्षा दीवार बनाने में दोहरे मानक अपनाए जाने पर तहसील मार्ग की महिलाओं ने सख्त नाराजगी जताई है। गुस्साई महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सुरक्षा दीवार बनाने में दोहरा मानक बंद करने की मांग की है।
सैंज, तहसील की महिलाओं का कहना है कि सरयू किनारे नगर पालिका क्षेत्र तक सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं हो रहा है। ग्रामीणों की जान की किसी को परवाह नहीं है। महिलाओं का कहना है कि विकास भवन से कलेक्ट्रेट पुल तक कोई सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई है। जबकि विकास भवन को आने वाली सड़क पर दोहरी दीवार दोबारा बनाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा दीवार बनाने की मांग 2010 में भी की गई लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बाढ़ की घटनाएं बढ़ने से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से सैंज क्षेत्र में सुरक्षा दीवार चेकडैम निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में भी करने की मांग की है। महिलाओं ने सरयू किनारे का भी जायजा लिया। इस अवसर पर नीमा दफौटी, राधा नेगी, ममता बिष्ट, देवकी देवी, रीना देवी, पार्वती, दीपा उप्रेती, प्रेमा नगरकोटी, सभासद प्रकाश जोशी, आशा पाठक, सरस्वती गलाकोटी आदि मौजूद थे।
