
हल्द्वानी। लाचारी और बेबसी का फायदा उठाते हुए एक युवक ने हल्द्वानी पहुंची दो महिलाओं से बलात्कार किया। इनमें से एक को शादी करने और दूसरी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। एक पीड़िता के सीओ से मिलने के बाद एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग सेल ने आरोपी के कमरे में दबिश दी तो आरोपी के साथ तीन और महिलाएं पकड़ी गई। इसमें एक महिला नेपाल की भी है। सेल ने महिलाओं की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार और महिलाओं की खरीद-फरोख्त के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
ट्रैफिकिंग सेल के अनुसार 25 जून को अल्मोड़ा जिले की एक महिला सीओ लोकजीत सिंह से मिली। उसने बताया कि तीन जून को वह पति से मिलने गुड़गांव जा रही थी। वह यहां रोडवेज बस अड्डे पर खड़ी थी, तभी वहां वीरेंद्र सिंह निवासी सोेमेश्वर पहुंचा और परेशान देख उसे पानी पिलाया। इंसानियत दिखाते हुए मोबाइल नंबर भी ले लिया। इसके बाद फोन पर कई बार उसकी बात हुई। वह गुड़गांव पहुंची तो मोबाइल पर फोन आने पर पति ने उसे पीटा। इस पर वह ससुराल चली आई। 22 जून को वीरेंद्र ने नौकरी दिलाने की बात की तो वह हल्द्वानी आ गई। आरोप लगाया कि वीरेंद्र रोडवेज बस अड्डे से उसे एक होटल ले गया। जहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ बलात्कार किया। जब वह वीरेंद्र के साथ उसके ऊंचापुल स्थित कमरे में गई तो वहां तीन महिलाएं पहले से थीं।
सेल प्रभारी डीएल वर्मा ने बताया कि सीओ के निर्देश पर पीड़िता की तहरीर पर आरोपी वीरेंद्र सिंह के खिलाफ धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मंगलवार रात आरोपी के घर दबिश दी गई तो उसके यहां तीन और महिलाएं मिली। महिलाओं को थाने लाया गया। इसमें से एक महिला ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ जिले और तीसरी महिला नेपाल की रहने वाली थी। पिथौरागढ़ जिले की महिला आरोपी की कथित पत्नी है और उसके साथ कई साल से रह रही है।
सेल प्रभारी के अनुसार नेपाल की महिला ने बताया कि वह चार साल पूर्व नेपाल से धारचूला अपनी बेटी को लेकर काम की तलाश में आई थी। कुछ दिन हल्द्वानी में रही। इसके बाद सितारगंज चली गई। सिडकुल की एक फैक्ट्री में मजदूरी करने के दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। 22 जून को उक्त महिला ने उससे हल्द्वानी चलने को कहा। 22 जून की दोपहर वह महिला के साथ वीरेंद्र के कमरे में पहुंची तो वहां पहले से दो महिलाएं थीं। शाम को सब्जी लेने के बहाने वीरेंद्र उसे एक होटल ले गया और उसे शादी करने के लिए मनाया।
डीएल वर्मा ने बताया कि नेपाली महिला ने वीरेंद्र पर रात में नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार करने का आरोप लगाया। 23 जून की सुबह उसने वीरेंद्र और महिला के बीच पांच हजार के लेनदेन होने की बात सुनी। वीरेंद्र ने कथित पत्नी से महिला को पांच सौ रुपये देने को भी कहा। तब उसे मालूम हुआ कि उसका सौदा हुआ है। नेपाली महिला की तहरीर पर भी वीरेंद्र और महिला के खिलाफ धारा 370 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
