बिजली करंट से बालिका की मौत

लोहाघाट। मडलक के सुनकुरी गांव में मंगलवार की शाम को खेत में घास काटने गई महेश राम की 13 वर्षीय पुत्री ममता की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई।
बताया गया कि जिस स्थान पर ममता घास काटने गई थी वहां पहले से ही बिजली का तार जमीन पर गिरा था। वह अचानक तार की चपेट में आ गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर बीडीसी सदस्य बद्री सिंह सौन, श्याम राम, ग्राम प्रधान भुवन भट्ट, लक्ष्मण सिंह, देव सिंह, पूरन पंत, भगीरथ सिंह, नाथ सिंह, पूरन सिंह, शिवराज सिंह आदि मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बालिका दम तोड़ चुकी थी।
बीडीसी सदस्य श्री सौन ने घटना की जानकारी मडलक चौकी में दी। एसआई प्रवीण चंद ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेजा। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. पीडी पंगरिया ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस इलाके में इसी प्रकार की घटना 31 जनवरी को बिंडा तिवारी के टाकना गांव में हुई थी। तब बिजली करंट से नैनराम की मौत हो गई थी। उधर, नेपाल के सीमावर्ती मटियानी के देवकूड़ा गांव में बीते दिनों विद्युत करंट की चपेट में आए 10 वर्षीय महेश सिंह हल्द्वानी के चिकित्सालय में जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा है।

Related posts