
काशीपुर। एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन मृतक का अंतिम संस्कार करने ले जा रहे थे तभी मृतक के मामा ने हंगामा खड़ा कर दिया। बाद में दोनों पक्ष का समझौता होने पर मृतक का दाह संस्कार कर दिया गया। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं किया।
बताया जाता है कि महेशपुरा की एक कालोनी का एक 17 वर्षीय युवक एक लड़की से प्यार करता था और उससे शादी करने की परिजनों से जिद करता था। परिजनों के मना करने पर उसने बीती रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन उसका दाह संस्कार करने श्मशान घाट ले जा रहे थे, तभी श्मशान घाट में पहुंचे मृतक के मामा ने मृतक की सौतेली मां और अन्य परिजनों पर मृतक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा हंगामा काटा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दोनों पक्ष को समझाया, जिसके बाद युवक का दाह संस्कार कर दिया गया। बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज योगेश दत्त ने बताया कि युवक किसी लड़की से प्यार करता था। परिजनों पर शादी का दबाव डालता था। जब परिजनों ने मना किया तो उसने आत्महत्या कर ली। इसी बात को लेकर मृतक के मामा ने हंगामा किया।
