जून में बारिश का 150 साल का रिकार्ड टूटा

अल्मोड़ा। जून में सर्वाधिक बारिश के पुराने सभी रिकार्ड ध्वस्त हो चुके हैं। जून में इस साल अब तक 373.6 मिमी बारिश हो चुकी है। यह पिछले 150 सालों में सबसे अधिक है। इससे पहले 1973 में सर्वाधिक 358.9 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी। 1916 में 335 मिमी बारिश हुई थी। जिस तरह मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है उसे देखते हुए यह अनुमान है कि इस बार जून में 400 मिमी बारिश हो सकती है।
कुमाऊं के पहाड़ी इलाकों में आम तौर पर मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचता है। किसी साल में मानसून जल्दी पहुंचने पर जून के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश हो जाती है लेकिन इस बार बारिश ने पुराने सारे रिकार्ड तोड़ डाले हैं। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक 20 जून तक अल्मोड़ा में 346.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी। इधर सोमवार को सात मिमी और मंगलवार 20.2 मिली बारिश हुई है। इस तरह जून में अब तक 373.6 मिमी बारिश हो चुकी है। अल्मोड़ा के आसपास के कुछ इलाकों में तो इससे भी अधिक बारिश हुई है। विवेकानंद संस्थान की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले 1973 में सर्वाधिक 358.9 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी।
इंडियन इंस्टीट्यूट आफ ट्रोपिकल मेटीरियोलॉजी पुणे (आईआईटीएम) की एक रिपोर्ट के मुताबिक कुमाऊं में 1845 से 2006 के मध्य जून में 1916 में सर्वाधिक 335.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। इससे पहले के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। पूूर्व के वर्षों का रिकार्ड देखें तो पिछले साल (2012) में जून में सिर्फ 9.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी। पिछले 40 सालों में बारिश ने जून में सिर्फ चार बार 200 मिमी का आंकड़ा पार किया है। सन् 2011 में जून में 242.4 मिमी, 2000 में 287 मिमी, 1986 में 222 मिमी और 1983 में 208 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना बताई है। देखना है जून के बचे हुए पांच दिनों में बारिश कौन से नए रिकार्ड दर्ज करवाती है।

Related posts