
बद्दी (सोलन)। बद्दी की निजी कंपनियों की ओर से रता खड्ड में एक्सपायरी दवाइयां और केमिकल बहाने के विरोध में इलाके के लोगों ने प्रदूषण बोर्ड के कार्यालय में अधिकारियों का घेराव किया। गुस्साए लोगों ने भाजयुमो के बैनर तले प्रदर्शन किया और बोर्ड के अधिशासी अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता के स्वयं मौका देखने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
भाजयुमो के बद्दी इकाई के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, जिला महामंत्री श्रवण चंदेल, एसटी सेल के जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी, तरसेम चौधरी, नरेश, भूपेंद्र चंदेल, रोहित मेहता, विकास राणा, संजय ठाकुर के अलावा संजीव माजरू, राजकुमार, धर्मपाल, जगतार सिंह, जसविंद्र सिंह, कपिश, पवन, बिट्टू, मनु, राजेश, गोगी, रिंकू और दीपू करीब 11 बजे प्रदूषण बोर्ड कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान युवाओं ने बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
1- लोगों का आरोप है कि गुल्लरवाला के समीप कुछ उद्योग लगातार रता खड्ड को दूषित कर रहे हैं। सरेआम एक्सपाइरी दवाइयां, इंजेक्शन और केमिकल पानी में छोड़ा जा रहा है। इस पर कोई शिकंजा नहीं कस रहा। – लोगों का आरोप है कि प्रदूषण बोर्ड के अधिशासी अभियंता को दर्जनों बार फोन किया गया, लेकिन वह अपना फोन ही नहीं उठाते हैं। मंगलवार को जब गलती से उन्होंने फोन उठा लिया तो उल्टा उन्हें चुप रहने की हिदायत दी गई और दोबारा फोन न करने की चेतावनी देकर फोन काट डाला। जिस खड्ड में केमिकल और एक्सपाइरी दवाइयां फेंकी जा रही हैं, वह पानी जलस्रोतों में मिल रहा है। लोग यही पानी पीते हैं और यही पानी खेतों में जा रहा है। ऐसे में फसलों की पैदावार और लोगों की सेहत दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।
एक रिकार्डिंग की चर्र्चा
किसी जिम्मेदार अधिकारी की रिकार्डिंग भी चर्चा में है। लोगों की शिकायतों पर सही ढंग से जवाब न देने की रिकार्डिंग भी एसई चेतन जोशी को सुनाई गई। आला अधिकारी ने रिकार्डिंग की एक सीडी देने को कहा है।
एसई खुद करेंगे क्षेत्र का दौरा
इस संबंध में एसई प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड चेतन जोशी ने कहा कि रिकार्डिंग लोगों ने मुहैया करवाई है। इसकी सीडी मांगी गई है। वे स्वयं संबंधित क्षेत्र के दौरा करेंगे। जांच के दौरान यदि आरोप सही निकलते हैं तो साथ लगते उद्योगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
