
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में खंड विकास समितियों के माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं पर 1.74 अरब की राशि व्यय की जाएगी। इससे 26538 कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। यह जानकारी जिला परिषद अध्यक्ष दयाल प्यारी ने जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
दयाल प्यारी ने सभी विभागाध्यक्षों से समीक्षा बैठकों में अपनी उपस्थित सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। जिला उद्योग केंद्र ने महाप्रबंधक जीएस चौहान ने बताया कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब में 297 उद्योग कार्यरत हैं। इनमें 6410 लोगों को रोजगार मिला है। इनमें 5040 हिमाचली हैं।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जिले में बढ़ रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार निजी बसों में चालक सीट के पीछे वाहन चालक की फोटो व लाइसेंस नंबर लिखना अनिवार्य किए जाने पर विचार कर रही है।
जिला परिषद सदस्य रघुवीर सिंह के प्रश्न पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नाहन-कौलांवाला भूड़ मार्ग पर मझाडा नदी पर शीघ्र ही पुल का निर्माण किया जाएगा ताकि इस क्षेत्र के लोग यातायात सुविधा मिल सके। सदस्य उमा रानी के प्रश्न पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कि सिविल अस्पताल ददाहू के जीर्णोद्धार के लिए दो लाख की राशि आवंटित की गई है तथा शीघ्र ही मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
एडीएम मनमोहन शर्मा ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों का शीघ्र ही स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा छात्रों को स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग से इस कार्य में आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष जगीरी राम, बीडीसी नाहन अध्यक्ष सुरेश शर्मा के अलावा अन्य सदस्यों व अधिकारियों ने भाग लिया।
