पेयजल आपूर्ति में लापरवाही पर नोटिस

नौहराधार (सिरमौर)। चारों तरफ बरसाती पानी नुकसान पहुंचा रहा है। विकास खंड संगड़ाह के तहत अस्पताल रोड स्थित कालोनी में पिछले 10 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। दर्जनों परिवार बिना पानी के बेहाल हैं। इस कालोनी में लिफ्ट इरिगेशन योजना के तहत पीने का पानी वितरित किया जा रहा है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण पिछले 10 दिन से यह लिफ्ट बंद पड़ी हुई है। हैरत इस बात की है कि विभाग 10 दिन से लिफ्ट ठीक करने की बजाय चुपचाप बैठा हुआ है। कालोनी निवासी संतोष, रणजीत, सतीश, हुकम चंद, मेहंदी देवी, मथुरा प्रसाद, दीना नाथ, मोहन लाल, शेर सिंह, कली राम आदि ने बताया कि इस लिफ्ट की देख रेख कर रहे कर्मचारियों तथा अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन कोई भी नहीं सुन रहा। कालोनी वासियों को विभाग के कर्मचारी मात्र कोरे आश्वासन दे रहे हैं। मगर यह बताने के लिए कोई भी तैयार नहीं है कि आखिर कब तक स्कीम ठीक हो जाएगी। इस पूरे मामले में संगड़ाह उपमंडल आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता सुभाष चौहान ने बताया कि विभाग के एक कर्मचारी को लापरवाही के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। एक दो दिन के भीतर कालोनीवासियों को पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी।

Related posts