महिला सोती रही, चोर कमरे से साफ कर गए सामान

शिमला। रेलवे स्टेशन अधीक्षक के घर मंगलवार रात चोरी हो गई है। स्टेशन से सटे आवास में कॉरीडोर का शीशा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। जिस कमरे से चोरी हुई है, वहां पर अधीक्षक की पत्नी सो रही थीं। स्टेशन अधीक्षक की शिकायत पर बालूगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक जीएस राजपूत ने मंगलवार रात को अपने आवास में चोरी होने का मामला दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक चोरों ने गैलरी में घुसकर कॉरीडोर का शीशा निकाला, फिर दरवाजे के वोल्ट खोलकर कमरे में प्रवेश किया। इस कमरे में उनकी पत्नी सोई रही थीं। पास में ही एक बैग रखा था। बैग में सोने का कड़ा था, जिसकी कीमत करीब सत्तर हजार है। इसके अलावा बैग में चार हजार नकदी और कुछ अन्य सामान था। रेलवे अधीक्षक ने कुल 78 हजार रुपये के सामान की चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है।

Related posts