
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत कई उपभोक्ताओं को करीब तीन माह से सस्ता राशन की सुविधा से वंचित हैं। पीडीएस के तहत कई उपभोक्ताओं के राशनकार्ड नहीं बनने के कारण यह समस्या पैदा हुई है। लंबे समय से इन उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल रहा है। इस कारण वह सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधा से वंचित हैं।
पीडीएस के तहत उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। अधिकतर जगह नए राशानकार्ड बनने के बाद उपभोक्ताओं को सस्ते राशन का लाभ मिल रहा है। पीडीएस के तहत कई उपभोक्ता इस लाभ से वंचित हैं। उपभोक्ता नीरज गौतम, राजकुमार, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, राकेश कुमार, राम प्रकाश, रामपाल, विचित्र सिंह, सतीश कुमार सहित अन्य ने कहा कि नए राशनकार्ड नहीं बनने के कारण उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाले सस्ते राशन की सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। राशन नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द ही उनके राशनकार्ड बनाए जाएं।
ग्राम पंचायत बड़गांव के प्रधान निक्का राम, बरठीं पंचायत प्रधान देवकृष्ण नड्डा, बलोह उपप्रधान परमजीत धीमान, सुन्हाणी प्रधान गायत्री देवी ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राशनकार्ड के लिए डिमांड भेजी गई है। लेकिन अभी तक नए राशनकार्ड पंचायतों को नहीं मिले हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग नियंत्रक शिवराम ने कहा कि झंडूता ब्लाक से इस तरह की कोई भी पंचायत नहीं आई है। जैसे ही मांग भेजी जाएगी नए राशन कार्ड भेज दिए जाएंगे।
