
चंबा। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी से यूजी और पीजी के पेपर देने के इच्छुक युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। इग्नू में विभिन्न कोर्सों के लिए प्रवेश फार्म भरने की तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी गई है। अभ्यर्थी 30 जून तक बिना लेट फीस के प्रवेश फार्म जमा करवा सकते हैं। इसके बाद 15 जुलाई तक लेट फीस ली जाएगी। लेट फीस के 200 रुपये अतिरिक्त वसूले जाएंगे। बीएड, एमबीए, बीएससी नर्सिंग, एमएड के लिए इग्नू प्रशासन ने अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की है। अंडर ग्रजुएट और पोस्ट ग्रजुएट कोर्सों के लिए पहले अंतिम तिथि 30 तक थी। अंतिम तिथि आगे बढ़ने से सैकड़ों अभ्यर्थी प्रवेश फार्म भरने से वंचित नहीं रहेंगे। बीए, एमए, एमसीए, बीसीए, बीबीए में प्रवेश लेने के लिए अभ्यर्थी समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर अपने आवेदन इग्नू सेंटर में सत्यापित करवाकर भेज सकते हैं। अभ्यर्थी के आवेदन फार्म विलंब शुल्क के 30 जून तक लिए जाएंगे। लेट फीस के साथ आवेदन फार्म 15 जुलाई तक जमा करवा सकते हैं। इग्नू सेंटर चंबा के प्रभारी डा. पीके गुप्ता ने बताया कि प्रवेश फार्म जमा करवाने की तिथि बढ़ाई गई है। अभ्यर्थी अपने आवेदन फार्म तय तिथि के भीतर जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी कोर्सों के आवेदन फार्म इग्नू सेंटर चंबा में उपलब्ध हैं।
कितनी देनी होगी फीस
अंडर ग्रेजुएट कोर्सों की इग्नू में दो हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है। एमए के लिए 45 सौ रुपये फीस अभ्यर्थियों को बैंक ड्राफ्ट के रूप में जमा करवानी होगी। इसके बाद परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को प्रत्येेक पेपर के 60 रुपये का अलग से भुगतान करना पड़ता है।
