17 लाख से संवरेगा चंबा का प्रवेश मार्ग

चंबा। जिला मुख्यालय के प्रवेश मार्ग जल्द ही चकाचक नजर आएगा। लोक निर्माण विभाग भरमौर चौक से बस स्टैंड तक सड़क मार्ग पर नए सिरे से तारकोल बिछाएगा। इसके अलावा सड़क किनारे बनी नालियों की भी मरम्मत की जाएगी। लोक निर्माण विभाग इस पर करीब 17 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके लिए विभाग खाका तैयार कर लिया है। मार्ग पर जल्द ही तारकोल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, सड़क किनारे बनी नालियों का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्ग पर तारकोल बिछते ही यात्रियों और पर्यटकों को गड्ढों में लगने वाले हिचकोलों से निजात मिल जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने तारकोल बिछाने के लिए निर्माण सामग्री मंगवा ली है। बारिश का दौर थमते ही मार्ग को संवारने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उधर, मिंजर मेले से पहले अन्य मार्गों पर तारकोल डाली जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने मार्गों की सुध लेने के लिए सख्त आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में सहायक अभियंता राम सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया है। जल्द मार्ग पर तारकोल बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग के चंबा मंडल के अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि प्रवेश मार्ग पर तारकोल बिछाने और नालियों की मरम्मत पर करीब 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।

Related posts