बारिश ने फिर बरपाया कहर

ऊना। जिले में मंगलवार देर रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही। इससे जिले के कई क्षेत्रों में भारी क्षति पहुंची है। जिला मुख्यालय में कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जबकि कई खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए। मुख्यालय में फ्रेंड्स कालोनी, पुराने बस अड्डे के पास कई दुकानों और मकानों में बरसाती पानी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सामान भी खराब हो गया। बंगाणा, मदनपुर, बसोली एवं सुनेहरा में कई जगह लोगों के घरों में पानी भर गया। उधर, बारिश के चलते किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। जिला मुख्यालय में बारिश के कारण अंब मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ भरा रहा। कई दोपहिए वाहन कीचड़ में स्किड हुए।
मंगलवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। पुराना बस अड्डा एवं फ्रेंड्स कालोनी में पानी निकासी की व्यवस्था न होने के चलते बरसात ने काफी नुकसान पहुंचाया। घरों में पानी घुसने के कारण लोग रात को सो न सके। ऊना के स्थानीय निवासी राम पाल, सुरजीत, दिनेश कुमार व राज कुमार आदि ने कहा कि घर में पानी घुस जाने के कारण पूरा परिवार रात भर नहीं सो सका। उधर, जिले के कई स्थानों में खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। भारी बरसात के चलते स्वां एवं अन्य सहायक खड्डों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है, लेकिन बावजूद इसके स्वां तटके किनारे बसे प्रवासी मजदूरों ने अभी डेरा जमा रखा है। प्रशासन की ओर निर्देश जारी होने के बावजूद प्रवासी मजदूर स्वां तट को खाली नहीं कर रहे हैं। उधर, मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक अगले एक दो दिन तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि जिले भर से बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है।

Related posts