किराएदार नेपाली दंपति 17 लाख समेत फरार

नई दिल्ली। सिविल लाइंस इलाके में किराएदार नेपाली दंपति पर मकान मालकिन के घर से 17 लाख रुपये उड़ा लेने का आरोप लगा है। वारदात के बाद से आरोपी दंपति फरार है। पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर फरार दंपति की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला कृष्णा (65 वर्ष) सपरिवार मजनूं का टीला इलाके में रहती हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य अभी दिल्ली से बाहर गए हुए हैं। कृष्णा घर में अकेली रहती हैं। पहली मंजिल पर एक नेपाली दंपति बतौर किराएदार रहते थे। 23 जून को कृष्णा ने सिविल लाइंस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ दिन पहले भलस्वा स्थित एक प्लॉट को 21 लाख में बेचा था। चार लाख रुपये खर्च हो गए, जबकि 17 लाख रुपये उन्होंने पलंग में रख दिए थे।
22 जून की रात उनके किराएदार घर आए और रात का खाना उनके साथ ही खाया। चूंकि मकान मालकिन घर में अकेली थी, इसलिए दंपति उस रात उसी कमरे में सो गए। सुबह नींद खुलने पर उन्होंने दंपति को गायब पाया। पलंग की जांच करने पर उसमें से रुपये भी गायब थे। उन्हें आशंका है कि खाने में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर दंपति ने वारदात को अंजाम दिया है।

Related posts