
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड) डिग्री कार्यक्रम में आज (बुधवार) से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो रही है। छात्र ऑफलाइन आवेदन 31 जुलाई और ऑनलाइन आवेदन आठ अगस्त तक भेज सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ 1000 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट लगाना अनिवार्य है। प्रवेश परीक्षा आठ सितंबर को होगी। इग्नू प्रवक्ता रवि मोहन के अनुसार, संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही सीट मिलेगी। छात्र बीएड की पढ़ाई हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों से कर सकते हैं। बीए में 50 फीसदी अंक और सरकारी या गैरसरकारी मान्यता प्राप्त स्कूलों में दो साल के शिक्षण अनुभव वाले किसी भी आयु वर्ग के अभ्यर्थी इस कार्यक्रम में आवेदन कर सकते हैं। एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षित वर्गों को पांच फीसदी की छूट भी मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए छात्र वेबसाइट www.ignou.ac.in पर भी लॉगइन कर सकते हैं।
