
हरिद्वार। पति की पिटाई से नाराज होकर कौशांबी, यूपी की महिला आत्महत्या करने के लिए हरिद्वार चली आई। बिड़ला घाट से नगर कोतवाली पुलिस ने महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ लिया और उसके परिजनों को सूचित कर दिया।
नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि गायत्री पत्नी श्रीकांत प्रसाद निवासी टेढ़ी मोड, घुलामुल, कौशांबी, यूपी मंगलवार सुबह बिड़ला घाट के पास बार-बार गंगा में आ-जा रही थी। लोगों को उसपर संदेह हुआ तो पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उससे पूछताछ की तो वह फूट-फूट कर रोने लगी और गंगा में कूदकर जान देने की जिद करने लगी। बाद में पुलिस उसे थाने ले आई। महिला ने बताया कि पति उससे मारपीट करता है। एक दिन पहले भी उससे मारपीट की गई। इससे नाराज होकर वह खुदकुशी के इरादे से घर से निकली और हरिद्वार पहुंच गई। यहां उसने रात बिड़ला घाट पर बिताई। कोतवाली प्रभारी महेश चंद्र जोशी ने बताया कि महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
