अधिकांश क्षेत्रों में संचार सेवाएं बहाल : मित्तल

श्रीनगर। आपदा से क्षतिग्रस्त दूरसंचार की अधिकांश सेवाओं को ठीक कर दिया गया है। गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में बीएसएनएल महाप्रबंधक एके मित्तल ने बताया कि नारायणबगड़ और केदारनाथ में एक्सचेंज और टावर के बहने से लगभग 50 लाख का नुकसान निगम को हुआ है।
महाप्रबंधक एके मित्तल ने बताया कि बदरीनाथ में 17 जून और गौरीकुंड में 18 जून को ही बहाल कर दी गई थी। फाटा, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और गुप्तकाशी में संचार सेवाएं बुधवार तक बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिंडर घाटी में भी युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही पिंडर घाटी में संचार सेवाएं बहाल हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली में शीघ्र ही 52 नए टावर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नंदा राजजात को देखते हुए निगम ने राजजात यात्रा पड़ावों पर टावर लगाने की योजना है। कुलसारी और लोहागंज में शीघ्र टावर लगाए जाएंगे। लोहागंज में लगने वाला टावर वाण और मुंडोली क्षेत्र को कवर करेगा। वाण गांव नंदाराजजात का अंतिम पड़ाव है।

Related posts