आपदा से नेशनल हाईवे मटियामेट

पिथौरागढ़। आपदा ने टनकपुर तवाघाट नेशनल हाईवे को मटियामेट कर दिया है। सड़कों में जबरदस्त दरारें आ गई हैं। जगह जगह पर सड़क गायब है। नदियां लगातार सड़कों को नुकसान पहुंचा रही हैं। धारचूला, मदकोट, मुनस्यारी इलाके में यातायात व्यवस्था पटरी पर लौटने में देर लगेगी।
टनकपुर तवाघाट नेशनल हाईवे बलुवाकोट से तवाघाट तक बुरी तरह तबाह हो गया है। कई स्थानों पर सड़क गायब है, सड़कों में बड़ी बड़ी दरारें आई हैं। ऐलागाड़ और तवाघाट का मोटर पुल बाढ़ में बह गया है। धारचूला से 14 किमी दूर तवाघाट तक सड़क का नक्शा ही बदल गया है। तवाघाट में सड़क, पुल के साथ ही 20 दुकान, मकान धौली काली नदी के बहाव में बह गए। तवाघाट से आगे गर्बाधार तक सड़क बहुत बुरी स्थिति में है। मुनस्यारी सड़क नाचनी के पास रातीगाड़ में आधा किमी हिस्से में सड़क क्षतिग्रस्त है। सड़क में जबरदस्त दरारें आई हैं।
जौलजीबी से छह किमी दूर बलमरा से 50 किमी दूर मदकोट तक सड़क तमाम जगह ध्वस्त हो गई है। कई स्थानों में पैदल चलने को भी रास्ता नहीं बचा है। मदकोट से चार किमी दूर भदेली तक दो स्थानों में सड़क का अता पता ही नहीं है। धारचूला, मदकोट में यातायात संचालन ठप है। मुनस्यारी सड़क में जान जोखिम में डालकर वाहनों का संचालन हो रहा है। बीआरओ ने बलुवाकोट से सात किमी आगे कालिका और धारचूला की तरफ से निगालपानी तकसड़क खोल दी है। धारचूला तक वाहनों की आवाजाही के लिए 4.5 किमी हिस्से में सड़क खुलनी है। बृहस्पतिवार तक धारचूला तक सड़क खुलने के आसार हैं।

Related posts