भूस्खलन से तीन प्रमुख मार्गों पर यातायात रहा ठप

चंबा/कंडीसौड़। भूस्खलन से एक बार फिर जिले के तीन प्रमुख मार्ग सात से नौ घंटे तक बाधित रहे। जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। खाड़ी कस्बे के समीप दो यात्री वाहनों के ऊपर मलबा गिरने से यात्रियों में दहशत छा गई। हालांकि इसमें जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। सोमवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश से चंबा-ऋषिकेश राजमार्ग पर डेंजर जोन दोबारा से सक्रिय हो गए हैं। नागणी, आमसेरा, खाड़ी और ताछला में भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से वाहन जगह-जगह फंसे रहे। बारिश में ही बीआरओ की जेसीबी और मजदूरों ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। सुबह 10 बजे मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया। दोपहर 12.30 बजे तक सभी वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया था। केदारनाथ घाटी और अन्य स्थानों से आए यात्रियों के वाहन जब राजमार्ग पर कई घंटे फंसे रहे तो उनके चेहरे पर खौफ उभर आया। अधिकंाश यात्री भगवान से सही सलामत घर पहुंचने की प्रार्थना करते दिखे।
ढिक्यारा के समीप चंबा-धरासू मार्ग अवरुद्ध हो गया था। जिसे अपराह्न 1.45 बजे यातायात के लिए खोला जा सका। टिहरी-घनासाली-केदारनाथ मार्ग भी टिपरी व जखन्याली में बंद हो गया था। अपराह्न 1.30 इन स्थानों पर यातायात बहाल हो गया।

Related posts