
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर में पोखरी गांव के ऊपर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। सड़क के पानी से जर्जर हो रही देवीसौड़ पहाड़ी के नीचे बसे गांव के 25 परिवारों के घरों में दरारें पड़ गई है।
पोखरी के ग्रामीणों के लिए मुखेम-पोखरी मोटर मार्ग परेशानी का कारण बन गया है। बरसाती पानी सड़क से सीधे उन लोगों के घरों में घुस रहा है। कई भवनों में दरारें पड़ गई है। सोमवार को हुई बारिश के बीच गांव के 10 परिवारों को घर छोड़ना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है, कि मुखेम- पोखरी मार्ग के किमी 18 पर जेड आकार की सड़क बनने से बरसाती पानी देवीसौड़ पहाड़ से गिरकर लोगों के घरों में घुस रहा है। पहाड़ी पर एक किमी तक एक से डेढ़ मीटर चौड़ी दरार पड़ गई है। प्रधान विजय पोखरियाल ने बताया कि भूगर्भीय वैज्ञानिकों ने भी खतरा बताते हुए उन्हें हटाने की सलाह दी है। लेकिन सरकार इस पर मौन साधे हुए है। पटवारी बलराम आर्य ने कहा कि गांव का सर्वे किया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट शीघ्र ही जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
इनके मकानों को है खतरा-
कमल सिह, धूम सिंह, रघुवीर सिंह, शेर सिंह, रमेश सिंह, संजय सिंह, बलवीर सिंह, सज्जन सिंह, सुंदर सिंह, मदन सिंह, कृपाल सिंह, प्रताप सिंह, चंदन, सिंह, इंद्र सिंह, उम्मेद सिंह, जसवीर सिंह।
