
जोशीमठ। दूसरे दिन भी मौसम खराब होने से मंगलवार को जोशीमठ से बदरीनाथ धाम के लिए सिर्फ चार घंटे ही हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू हो पाया। इसमें 115 तीर्थयात्रियों को हेलीकॉप्टर और 656 को पैदल रेस्क्यू कर जोशीमठ लाया गया।
मंगलवार को जोशीमठ में सुबह चार से आठ बजे तक तेज बारिश हुई। सुबह नौ बजे बारिश बंद हुई, लेकिन कोहरा होने से हेलीकॉप्टर बदरीनाथ के लिए उड़ान नहीं भर पाए। 11 बजे हेलीकॉप्टर बदरीनाथ के लिए रवाना हुए। करीब बीस मिनट बाद 16 तीर्थयात्रियों को लेकर हेलीकॉप्टर जोशीमठ पहुंचे। सेना के 24 सीटर मालवाहक हेलीकॉप्टर मौसम खराब होने के चलते उड़ान ही नहीं भर सके। दोपहर दो बजे बाद फिर बारिश हुई, जिससे हेलीकॉप्टर फिर रुक गए और शाम को मौसम साफ होते ही हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी और 45 तीर्थयात्रियों को जोशीमठ लाया। वहीं, बदरीनाथ से 656 तीर्थयात्री पैदल रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए।
