मुआवजे के लिए भड़का जनाक्रोश

टनकपुर। मुआवजा राशि बांटने को लेकर लोगों में गुस्सा है। प्रभावितों के चिन्हीकरण से गुस्साए लोगों ने पहले नगर पालिका गेट पर धरना दिया और फिर बोर्ड की बैठक में जा रहे पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय और सभासदों का घेराव कर नगर पालिका कार्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम जेएस राठौर और कोतवाल नरेश चंद के तीन दिन के अंदर वंचित प्रभावितों के चिन्हीकरण का आश्वासन पर लोग शांत हुए।
आपदा से प्रभावितों के चिन्हीकरण में प्रशासन के रवैये से लोगों में पहले ही गुस्सा बना हुआ था, जो मंगलवार को फूट पड़ा। शारदा चुंगी कालोनी समेत विभिन्न क्षेत्रों के आपदा प्रभावितों ने नगर पालिका कार्यालय गेट पर सुबह से ही हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज की। उनका कहना था कि मुआवजा वितरण में प्रशासन द्वारा धांधली की जा रही है। कहा कि आपदा के वास्तविक प्रभावितों को नजरअंदाज कर ऐसे लोगों को मुआवजे का लाभ देने का प्रयास किया जा रहा है जो वास्तव में आपदा से प्रभावित नहीं हैं। गुस्साए लोगों ने पालिका बोर्ड की बैठक में हिस्सा लेने पहुंची नगर पालिका अध्यक्ष तथा सभासदों को गेट के अंदर नहीं जाने दिया। सूचना पर वहां पहुंचे एसडीएम तथा कोतवाल के आश्वासन पर लोग शांत हुए।

Related posts