घाट के पुनर्निर्माण को भेजेंगे शासन को प्रस्ताव

टनकपुर। 17 जून की बारिश से ध्वस्त शारदा स्नानघाट के पुनर्निर्माण के लिए नगर पालिका द्वारा पांच करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। नगर पालिका की आय बढ़ाने के लिए नई दुकानों का निर्माण होगा।
मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय की अध्यक्षता में हुई पालिका बोर्ड की पहली बैठक में सर्वसम्मति से शहर के विकास को लेकर विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। बीआरजीएफ योजना के तहत 73 लाख 87 हजार 237 रुपये से विकास कार्य कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया है। लाइसेंस दरों में वृद्धि तथा सब्जी मंडी निर्माण के लिए व्यापारियों से विचार-विमर्श होगा, न्यू टैक्सी स्टैंड की शेष भूमि पर दुकानें तथा बारात घर बनाने हेतु शासन से धन मांगा जाएगा। फल संरक्षण संस्थान के नीचे पांच दुकानों का विस्तार होगा। ट्यूबवेल के लिए जलसंस्था को बनबसा चुंगी के समीप भूमि मुहैया कराई जाएगी। आपदा के मद्देनजर दैनिक सफाई कर्मचारियों की सेवा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में जया देवी, हसीब अहमद, राजेंद्र रजवार, देवेंद्र सिंह, गिरीश खर्कवाल, शोभा देवी, मुकेश साहू, सौरभ अग्रवाल, पूजा निषाद के अलावा जेई होशियार सिंह बिष्ट, ईओ सीएस जोशी मौजूद थे।

Related posts