
उत्तरकाशी। गंगोत्री की ओर फंसे यात्री एक-दूसरे का हौसला बांधते हुए पहाड़ी पगडंडियों को नाप रहे हैं। चार दिन तक हर्षिल में इंतजार के बाद भी हेलीकाप्टर न मिलने पर गाजीपुरी और फैजाबाद के बुजुर्ग यात्रियों का दल पैदल उत्तरकाशी पहुंच गया।
मंगलवार को फैजाबाद यूपी के 44 सदस्यीय यात्री दल के मुखिया राम कुमार बताते हैं कि उनके दल में अधिकतर यात्री बुजुर्ग थे। 18 जून को गंगोत्री से पैदल चलकर हर्षिल पहुंचे। यहां तीन दिन तक हेलीकाप्टर से जाने के लिए इंतजार किया, लेकिन भीड़ के चलते हमें हेलीकाप्टर नहीं मिल पाया। ऐसे में हमने पैदल चलने का निर्णय लिया। रास्ते में कई सदस्यों की हालत बिगड़ी थी, लेकिन हमने एक-दूसरे का हौसला बांधा और आगे बढ़ते रहे। गाजीपुर के कमलकांत पांडेय भी अपने दल में शामिल वृद्धजनों की बिगड़ती स्थिति पर फफक-फफक कर रो पड़े। बताया कि दल में चार वृद्धजनों की हालत इतनी पस्त हो गई कि वह अब चार कदम भी नहीं चल पा रहे हैं। दस दिनों से लगातार पैदल पगडंडियों को नापकर थक चुके हैं।
