
शिमला। लक्कड़ बाजार के एक कारोबारी की बेटी का मेट्रोपाल के सामने अपहरण करने का प्रयास हुआ। वारदात उस समय की है जब छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा स्कूल से छुट्टी होने पर घर जा रही थी। स्कूल से चंद कदम आगे निकली थी कि एक युवक उसके पास आया और कहने लगा कि आपके पापा बुला रहे हैं लेकिन छात्रा ने उसके साथ जाने से साफ मना कर दिया। लड़की के विरोध करने पर आरोपी युवक कार में बैठकर बैम्लोई की ओर भाग निकला। इसी दौरान छात्रा को एक परिचित आंटी मिली। जिसके साथ वह लिफ्ट तक आई उसी ने उसको टैक्सी में बिठाकर घर सुरक्षित पहुंचाया।
मामला सोमवार को करीब तीन बजे का है। रोज की तरह छात्रा स्कूल से छुट्टी होने के बाद लिफ्ट की ओर जा रही थी। अचानक उसके आगे एक युवक खड़ा हुआ और उसका रास्ता रोका। पूछने पर आरोपी ने बताया कि उसके पापा ने उसे भेजा है वह इस कार में बैठ जाए लेकिन जब लड़की ने मना किया तो वह जोर जबरदस्ती करने लगा। इसी बीच पकड़े जाने के भय से वह फरार होने में कामयाब हो गया। लड़की एक परिचित आंटी की मदद से लिफ्ट तक आई। पिता की शिकायत के आधार पर इस संदर्भ में थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
