11 बसें फंसी, करीब 20 रूट फेल

धर्मपुर (मंडी)। भारी वर्षा से उफान पर आए भ्रैंड नाले के पानी ने धर्मपुर में तबाही मचा दी। मंगलवार को क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण धर्मपुर मुख्य बाजार में पड़ने वाले भ्रैंड नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया कि लोग अपने घरों और दुकानों को छोड़कर भाग निकले तथा जलस्तर घटने का इंतजार करते रहे। भ्रैंड नाला में दुकानदारों तथा मकान मालिकों की ओर से नाले का रूप अवैध निर्माण कर इतना घटा दिया है कि आने वाले दिनों में यहां कोई बड़ी घटना घट सकती है। नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया था कि सुनील कापी उद्योग सहित, काहन सिंह के मकान, कटवाल ढाबा व लक्ष्मी हार्डवेयर तथा सड़क के किनारे बनाए खोखों में पानी घुस गया तथा भारी नुकसान उठाना पड़ा। सिधपुर में भी तबाही हुई है और लोनिवि विभाग का पुल भी इसकी भेंट चढ़ चुका है। दिन का समय होने की वजह से लोग अपने घरों से भाग निकले। पिछले तीन चार दिन से क्षेत्र में हो रही वर्षा से क्षेत्र में कई मुख्य मार्गों सहित संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। हिमाचल पथ परिवहन विभाग की 11 बसें भी फंस गई और करीब 20 रूट फेल हो गए हैं। जिससे परिवहन निगम को 80 हजार के करीब नुकसान हुआ है। सरकाघाट-जोगिंद्रनगर मुख्य मार्ग सरोली के पास और कांढापतन के पास भारी भूस्खलन होने की वजह से बाधित हुआ है। वहीं, नेरी कोटला में भी सड़क भूस्खलन के कारण बाधित हुई है। इसके अलावा स्योह, बैरी कालत्री, संधोल, सकलाना, रांगड़ वाया सकलाना, गोरत वाया सकलाना, ततोहली परडाना, सरी, खनौड़, जंगेल कोट, सतरेहड़, मठी बनवार, झरेड़ा, लंगेहड़, कौंसल, बरोटी वाया सरसकान आदि संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। एचआरटीसी सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि विभाग की 11 बसें जो विभिन्न रूटों पर गई थीं, भारी वर्षा होने की वजह से वहीं फंस गई हैं। मंगलवार को 20 रूट बाधित हुए हैं। जिसकी वजह से निगम को अस्सी हजार के करीब नुकसान उठाना पड़ा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अनिल संगराय ने बताया कि भारी वर्षा के कारण विभाग को भारी नुकसान हुआ है।

Related posts