
मंडी। मंडी शहर के साथ लगते गांव दुदर मैगल में जमीनी विवाद के चलते दो परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में तेजधार हथियार से एक भाई का कान कट गया। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मंडी सदर थाना में दर्ज शिकायत में देव दास पुत्र स्वर्गीय सेवक राम गांव दुदर मैगल ने बताया कि वह बिजली बोर्ड के बिजनी स्थित केवी सब स्टेशन में बतौर एसएसए कार्यरत हैं। रविवार को दिन के एक बजे उसका बेटा दिनेश कुमार घर के आंगन में लकड़ियां ठीक कर रहा था तो उसका भाई और भाभी वहां आए और कहा कि यहां पर लकड़ी मत रखो, यह जगह हमारी है और उसके बेटे पर पीछे से डंडे का वार कर दिया। अपने बेटे की चीख सुनकर वह और उसकी पत्नी आंगन की ओर भागे और अपने बेटे को उनसे छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इतने में उसके भाई के परिवार ने किसी तेजधार वाले हथियार से वार किया। जिस कारण से उसके बाएं कान, पीठ एवं शरीर के कई भागों पर चोटें आई हैं। उधर, दूसरे पक्ष रामदित्ता ने भी मारपीट और हमले का आरोप लगाते हुए क्रॉस एफआईआर दर्ज करा दी है। इधर, पुलिस ने मंडी सदर थाने में तैनात भीम सेन को घटना की जांच का जिम्मा सौंपा है। पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी के अनुसार देव दास उसकी पत्नी गुलाबी देवी तथा बेटे दिनेश कुमार का मेडिकल करवाया गया है। छानबीन जारी है।
