
बिलासपुर। जिला स्तरीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन (शिक्षा विभाग) ने मंगलवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकाली गई रैली के दौरान नारेबाजी करते हुए कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय परिसर पहुंचे। यहां एडीएम प्रदीप ठाकुर के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किए गए।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को जिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन के जिला प्रधान नंदकिशोर ठाकुर की अगुवाई में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान संगठन के दिवंगत प्रधान अमर सिंह चंदेल के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मिक शांति के लिए मौन भी रखा गया। इसके बाद हाथों में बैनर उठाए नारेबाजी करते हुए उन्होंने रैली निकाली। शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए वे उपायुक्त कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन की मांगों में जलवाहकों का वेतन 1300 से बढ़ाकर तीन हजार रुपए करना, चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियमित होने के लिए पार्ट टाइम से दैनिक भोगी के पद पर सारी सेवा अवधि को मिलाकर पांच वर्ष करने की मांग की है। नौ साल का सेवाकाल पूरा कर चुके जलवाहकों को पुरानी नीति के तहत पूर्णकालिक बनाने की मसला भी उठाया है। दैनिक भोगी सेवादारों को प्रारंभिक शिक्षा से उच्च शिक्षा विभाग में खाली पदों पर पूर्णकालिक करके नियमित करने, दैनिक भोगी जलवाहक कम सेवादार को चिकित्सा अवकाश देना, शिक्षा विभाग के चौकीदारों को रात्रि भत्ता कम से कम तीन हजार रुपये देना और मिड-डे मील कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्हें आकस्मिक अवकाश देना व सरकारी कर्मचारी घोषित करना, उन्हें जीवन बीमा योजना में लाकर श्रमिक कल्याण बोर्ड से संबद्ध करना तथा छुट्टियों का वेतन देना आदि शामिल हैं। इस अवसर पर संगठन की वरिष्ठ उपप्रधान पवना ठाकुर, उपप्रधान कांता देवी व कोषाध्यक्ष भूरी सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
