साढ़े आठ घंटे कटा रहा जिला चंबा

बनीखेत (चंबा)। जिले को देश और प्रदेश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले दोनों मार्ग सोमवार रात को हुई बारिश से बंद हो गए। करीब साढ़े आठ घंटे जिले को जोड़ने वाला मार्ग यातायात के लिए बहाल हो पाया। इससे रात को आने-जाने वाली बसें और अन्य निजी वाहन मार्ग पर फंसे रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में बाहरी राज्यों से आने वाली रोजमर्रा की वस्तुओं सहित समाचार पत्र तक जिला मुख्यालय तक करीब पांच घंटे देरी से पहुंचे। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का समाना करना पड़ा। दूध और ब्रैड की गाड़ियां शाम तक ही चंबा पहुंच पाई।
सोमवार रात को हुई भारी बारिश के कारण चंबा-पठानकोट मार्ग तुन्नूहट्टी और पंजाब के दुनेरा कस्बे के बीच हुए भूस्खलन से बंद हो गया। रात 12 बजे बंद हुआ यह मार्ग सुबह साढ़े आठ बहाल हो पाया। उधर, जिले को जोड़ने वाले दूसरे मार्ग भी बंद हो गए थे। इनमें चुवाड़ी-लाहड़ू और लाहड़ू-तुन्नुहट्टी शामिल हैं। भारी बारिश के चलते वाया जोत मार्ग भी बंद हो गया था। इस कारण जिला मुख्यालय का संपर्क पूरी तरह कट हो गया। मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण तुन्नूहट्टी के पास केरू घार, ककीरा घार और लाहड़ू के पास कालीघार पर भारी भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गए। यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। हैरत की बात है कि मुख्य मार्ग रात करीब 12 बजे बंद हुए और लोक निर्माण विभाग सुबह छह बजे के बाद हरकत में आया।
लोक निर्माण विभाग चुवाड़ी मंडल के सहायक अभियंता दीपक ने बताया कि रात को हुई तेज बारिश के कारण मार्ग कालीघार में बंद हो गया था। विभाग ने सुबह छह बजे मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी लगा दी थी। यह मार्ग शाम करीब तीन बजे बहाल हो पाया। डल्हौजी मंडल के सहायक अभियंता हेम ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना सुबह करीब साढ़े पांच बजे मिली। उसके बाद बनीखेत से जेसीबी मार्ग बहाल करने के लिए भेज दी थी। चंबा-पठानकोट मार्ग सुबह करीब साढ़े आठ बजे बहाल कर दिया गया था। इसके साथ ही लाहड़ू-तुन्नूहट्टी मार्ग भी खोल दिया गया था।

Related posts