चंबा-भाला और बैरागढ़ मार्ग पर बसें फंसीं

चंबा। चंबा-भाला और चंबा-बैरागढ़ मार्ग बंद होने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की दो बसें फंस गई हैं। इसके अलावा मार्ग पर अन्य निजी वाहन भी फंसे हुए हैं। सोमवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण चंबा-भाला मार्ग पंडाह के पास भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गया। इससे शाम पांच बजे भाला मार्ग पर गई एचआरटीसी की बस सुबह वापस नहीं आ सकी। इस कारण गुवाड, सराहण पंचायत के सैकड़ों लोगों को जिला मुख्यालय आने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्कूली बच्चों व कर्मचारियों को पैदल सफर तक अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
बैरागढ़ मार्ग शुक्राली के पास बंद हो गया है। इसके चलते तीन बसें फंस गई हैं। मार्ग पांच बजे तक बहाल नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग तीसा मंडल के सहायक अभियंता सौरभ चौधरी ने बताया कि बैरागढ़ मार्ग को खोलने का कार्य जोर-शोर से जारी है। शाम तक मार्ग के खुलने की संभावना है।
पीडब्ल्यूडी राख डिविजन के एसडीओ हर्ष पुरी ने बताया कि भाला मार्ग पंडाह के पास डंगा गिरने के कारण अवरुद्ध हुआ है। डंगा गिरने के कारण एचआरटीसी की बस नहीं निकल पाई है। मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। बुधवार को मार्ग बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts