
नूरपुर (कांगड़ा)। पवन मर्डर केस में नूरपुर पुलिस ने मृतक पवन कुमार की पत्नी दर्शना देवी को कथित तौर पर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को नूरपुर की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दर्शना देवी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। इससे पहले मृतक के शव को मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कालेज भेजा गया। फिलहाल अभी तक मौत के असल कारणों का पता नहीं लग पाया है।
पवन के शव की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों पता चल पाएगा। लेकिन नूरपुर पुलिस ने स्कूल के बरामदे में शव के पास मिले चूड़ियों के टुकड़ों व गले की माला के आधार पर मृतक की पत्नी को पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, इस मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने के लिए शक के आधार पर चार-पांच लोगों की मोबाइल कॉल डिटेल भी मंगवाई है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। सोमवार को इस मामले की जांच के लिए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। जबकि पुलिस ने भी आसपास के लोगों से पूछताछ करके हत्या के मामले से जुड़े कुछ साक्ष्य जुटाए हैं।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने सोमवार को संदेहास्पद परिस्थितियों में पवन कुमार की लाश को उसके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बनोली हाई स्कूल के बरामदे से कब्जे में लिया। मृतक के चेहरे पर चोटों के निशान पाए गए थे। उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि मृतक की पत्नी को पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े हरेक पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है। जबकि मृतक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
