काबुल में दहशत के वो दो घंटे

पपरोला (कांगड़ा)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे राष्ट्रपति भवन के पास हुए बम धमाकों में वहां काम करने वाले भारतीय बाल-बाल बच गए। धमाके के वक्त ये भारतीय परियोजना स्थल पर काम कर रहे थे कि उनसे करीब 150 मीटर दूरी पर अचानक बम धमाके हुए।
अमरीकी निर्माण कंपनी में काम करने वाले हिमाचल प्रदेश के पपरोला निवासी युवक अभिषेक ने ‘अमर उजाला’ को फोन पर बताया कि अचानक हुए धमाके के बाद वहां गोलियां चलने लगीं और पूरा आसमान धुएं से भर गया। अभिषेक बोले,‘मैं और मेरे साथी घबरा गए थे और सुरक्षित स्थल की ओर भागे। दो घंटे तक दहशत रही। इतने में वहां अफगान सैनिकों ने मोर्चा संभाल लिया और हमें सुरक्षित स्थल पर पहुंचाया। करीब एक घंटे तक जान खतरे में रही। इसके बाद आर्मी ने हमें अपने-अपने क्वार्टरों में भेज दिया। उन्होंने बताया कि काबुल 150 के करीब भारतीय विभिन्न निर्माण कंपनियों में काम कर रहे हैं। हिमाचल के भी कई लोग काबुल में कार्यरत हैं, जो धमाकों के बाद दहशत में हैं। उन्होंने बताया कि धमाकों के कुछ घंटे बाद शहर में माहौल एकदम शांत हो गया। ऐसा लगा कि यहां कुछ हुआ ही नहीं हो, लेकिन यहां रहने वाले भारतीय डर के माहौल में काम कर रहे हैं। काबुल में तालिबान का आतंक बढ़ने पर वे अब स्वदेश लौटने पर विचार कर रहे हैं। उसने बताया कि इस समय सभी भारतीय अमरीकी बेस में सुरक्षित हैं।

Related posts