नोगली-रामपुर पेयजल योजना फिर ठप

रामपुर बुशहर। नोगली-रामपुर पेयजल योजना फिर ठप हो गई है। सोमवार रात को हुई जोरदार बारिश से नोगली खड्ड में अधिक सिल्ट आई है, इससे योजना की सप्लाई रुक गई है। योजना के ठप होने पर आईपीएच विभाग ने मंगलवार से शहर की आपूर्ति में कटौती शुरू कर दी है। जब तक योजना में आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक स्टोरेज टैंकों से एक-एक घंटे पानी दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार रात तेज बारिश होने से नोगली खड्ड में जल स्तर बढ़ गया। जल स्तर बढ़ने के साथ ही इसमें सिल्ट भी काफी बढ़ी है। खड्ड में अत्यधिक सिल्ट आने से आईपीएच विभाग को इस पर रामपुर शहर के लिए बनी पेयजल योजना को बंद करना पड़ा, ताकि सिल्ट से किसी तरह का नुकसान न हो। मंगलवार को भी सिल्ट न घटने से योजना में पानी नहीं लिया जा सका। शहर के लोगों को पेयजल किल्लत न हो, इसके लिए विभाग ने स्टोरेज टैंकों से शहर में आपूर्ति शुरू कर दी है। हालांकि, चार-चार घंटों के स्थान पर लोगों को एक-एक घंटे ही पानी मिल सकेगा। स्टोरेज टैंकों में करीब पांच से छह लाख लीटर पानी है। इसलिए विभाग एक-एक घंटे आपूर्ति करेगा, ताकि योजना के चालू होने तक शहर में पानी का संकट न हो।
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता किशोर शर्मा और कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार शर्मा ने लोगों से पेयजल को व्यर्थ न गंवाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि योजना के चालू होने पर ही शहर में पहले की तरह आपूर्ति सुचारु हो पाएगी।

Related posts