
रोहडू। रोहड़ू में अखिल भारतीय महाराजा पद्म सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने किया। इस दौरान एचपीएससीईए के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष और हिमुडा के निदेशक यशवंत छाजटा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। मात्र छह माह के कार्यकाल में ही सड़कों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार आया है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में सड़कों की दशा बदतर थी। आज क्षेत्र की सड़कों को सुधारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेब की अधिक पैदावार होने के कारण इस वर्ष यूनिवर्सल कार्टन को पूरी तरह से शुरू नहीं किया जा सका है। शीघ्र ही कैबिनेट की बैठक में यूनिवर्सल कार्टन के मुद्दे को रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी दिलाकर यूनिवर्सल कार्टन को अनिवार्य किया जाएगा। यूनिवर्सल कार्टन से बागवानों को लाभ मिलेगा। स्टोक्स ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में लाने में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का सबसे बढ़ा योगदान रहा है। केंद्र से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए वे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की आभारी हैं। इस मौके पर कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, लघु उद्योग के निदेशक देविंद्र खुराना, ब्लाक महासचिव दिनेश चौहान, वन निगम के निदेशक सुरेंद्र रेटका, विक्रम सैन, पुष्पा काल्टा, किरन दत्ता, सुरेश नागटा, सोहन लाल चौहान सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
