
नई दिल्ली। चांदनी महल स्थित एक बेकरी में सोमवार दोपहर जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। इस घटना में 15 लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि धमाका गैस रिसाव व फ्रिजर का कंप्रेसर फटने से हुआ। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, चांदनी महल थाने के पास एक तीन मंजिला इमारत के भूतल में इरशाद की बेकरी है। पहली मंजिल पर इरशाद का परिवार रहता है। दोपहर करीब पौने दो बजे बेकरी के कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और दुकान से आग की लपटें निकलने लगीं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकान हिल गए। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। धमाके की आवाज सुनकर थाना प्रभारी सतेंद्र मोहन सहित छह पुलिसकर्मी थाने से मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने आम लोगों की मदद से दुकान में पानी फेंककर आग बुझाई और झुलसे 10 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। धमाके के समय दुकान के सामने से गुजर रहे पांच लोग जख्मी हो गए, उन्हें भी स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वे 40 से 60 फीसदी तक झुलसे हैं, जबकि 11 अन्य लोग 10 फीसदी झुलसे हैं। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह बात सामने आई है कि बेकरी में रखे सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसके अलावा फ्रिजर का कंप्रेसर फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ।
घायलों के नाम
इरशाद (20 वर्ष), बाबुद्दीन(20 वर्ष), सबीब (24 वर्ष), सुदीन यादव (40 वर्ष), अख्तर (42 वर्ष), मोहम्मद फरीन (23 वर्ष), शाइस्ता (40 वर्ष), इरफान (24 वर्ष), इस्लाम (35 वर्ष), रामसागर (40 वर्ष), रफाकत अली (30 वर्ष), मोहम्मद ताकिब (35 वर्ष), विपिन (30 वर्ष), राम (30 वर्ष) और सूरज (18 वर्ष) सभी निवासी चांदनी महल।
बम धमाके जैसा था माहौल
घटनास्थल से कुछ दूर रहने वाले मोहम्मद फिरोज ने बताया कि बेकरी के बाहर के हालात बम धमाके जैसे थे। बाहर मौजूद महिला का एक हिस्सा झुलस गया था और वह बचाव के लिए भाग रही थी। वहीं, एक शख्स के बाल और दाढ़ी गायब थे और उसका चेहरा काफी झुलस गया था। तीन लोग जख्मी हालत में दुकान के बाहर गिरे हुए थे। फिरोज के अनुसार,धमाका सुनने के बाद जैसे ही वह घर से निकला, उसने बेकरी से आग की लपटें निकलते देखीं। वह तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गया।
पुलिस की फुर्ती को सराहा
जहां ज्यादातर लोग पुलिस से खफा रहते हैं, वहीं चांदनी महल में ठीक इसके उलट देखने को मिला। हर कोई पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी की तारीफ कर रहा था। पुलिसकर्मी, दमकल कर्मियों की तरह लोगों की जान बचाने के लिए आग में कूद गए और झुलसे लोगों को बाहर निकालकर उन्हें पीसीआर की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
गली संकरी होने की वजह से हुई दिक्कत
जिस जगह पर आग लगी थी, उसके सामने वाली सड़क पर बमुश्किल दो छोटे वाहन ही गुजर सकते हैं। ऐसे में दमकल की एक ही गाड़ी मौके पर पहुंच पाई। इस दौरान दूसरी गाड़ी बाहर सड़क पर मौजूद रही। एक में पानी खत्म होने के बाद ही दूसरी गाड़ी को अंदर लाया जा सका, जिस वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में दिक्कत आई।
एलपीजी रिसाव से दुकान में आग लगी
नई दिल्ली। गीता कॉलोनी इलाके में सोमवार शाम चाट की दुकान में एलपीजी रिसाव के बाद आग लग गई। समय रहते ही दुकान में काम कर रहे लोग बाहर आ गए। इस बीच आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक, हरीश की गीता कॉलोनी पुश्ता रोड पर चाट की दुकान थी। शाम करीब 4.00 बजे उसकी दुकान में आग लगी।
