
नई दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में खुले आम शराब पीने से रोकना दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को भारी पड़ गया। तीन युवकों ने कांस्टेबल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पीड़ित के चिल्लाने की आवाज सुनकर आए अन्य पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे छुड़ाया। बाद में लोगों की मदद से शराब के नशे में धुत्त तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट करने और पब्लिक प्लेस पर खुले आम शराब पीने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सिपाही कुलदीप प्रीत विहार थाने में तैनात है। उसकी ड्यूटी वीथ्रीएस मॉल के पास थी। रविवार रात करीब 10 बजे वह कांस्टेबल संदीप और परविंदर के साथ स्कोप मीनार के पास पैदल गश्त कर रहा था। कुलदीप के साथी आगे निकल गए, जबकि वह अकेला रह गया। इस बीच उसने देखा कि स्कोप मीनार के नीचे तीन युवक खुलेआम कार के बोनट पर रखकर शराब पी रहे थे। मना करने पर तीनों कुलदीप को गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। कुलदीप बचने के लिए भागा भी, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। चिल्लाने की आवाज सुनकर संदीप और परविंदर वहां आ गए। उन्होंने लोगों की मदद से कुलदीप को छुड़ाया। बाद में तीनों आरोपी गीता कालोनी निवासी अमित कुमार व कमल कपूर और ईस्ट आजाद नगर निवासी सुरेंद्र कुमार को दबोच लिया गया। तीनों की उम्र 25 से 28 साल के बीच है।
