फिर मुसीबत में पड़ सकते हैं पहाड़

हल्द्वानी। कल से पहाड़ों पर भारी बारिश के आसार हैं। इससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित होंगे और आपदा पीड़ित मुसीबत में पड़ सकते हैं। मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर से पीड़ितों को निकालने का काम रुक जाएगा। बारिश का सबसे अधिक असर नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में रहेगा। बता दें कि पिथौरागढ़ के धारचूला, मुनस्यारी, मदकोट आदि क्षेत्रों में अभी भी सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं।
मौसम विज्ञानी एचएस कुशवाहा के अनुसार मंगलवार को बारिश की बेहद कम संभावना है लेकिन बुधवार से पहाड़ों पर मुसीबत हो सकती है। नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में ही 60 मिमी बारिश की संभावना है। बारिश से कुछ हद तक तराई भी प्रभावित होगा। सोमवार को भी इन इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद तापमान में करीब तीन डिग्री की वृद्धि हुई। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 30.1 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को तापमान में कमी आने की उम्मीद है। श्री कुशवाहा ने बताया कि आज का अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

Related posts