
चंबा (टिहरी)। नई टिहरी चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। कभी बारिश तो कभी धूप छोटे- बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही हो रही है। बावजूद कोई भी वाहन यहां नहीं रुक रहा है। सभी वाहन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में लगे हैं। ऐसे में कुछ खुशकिस्मत स्थानीय लोगों को ही वाहन मिल पा रहे हैं। जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन रहा है। ऐसे में यह शिकायतें भी आ रही हैं कि वाहन संचालक निर्धारित से अधिक किराया वसूल रहे हैं।
क्षेत्र के अधिकांश वाहन चार धाम में फंसे यात्रियों को ढोने में लगे हैं। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वाहन न मिलने से चंबा से नई टिहरी, गजा, चाका, मसूरी, प्रतापनगर, घनसाली, कंडीसौड़ जाने वाले स्थानीय लोगों को घंटों खड़े होने के बाद भी वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। कभी कोई वाहन मिल भी रहा है, तो उसमें सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी जा रही है। चंबा से मसूरी जाने वाली टीजीएमओ की बस सेवा भी एक सप्ताह से बंद है। ग्रामीण सुमेर सिंह, रुकम सिंह, हरिकृष्ण भट्ट का कहना है कि प्रशासन को यात्रा के समय लोगों की समस्याओं को देखते हुए अलग से वाहनों की व्यवस्था करनी चाहिए।
कोट-
जिन मार्गों पर वाहन न होने की शिकायतें आ रही थी। उनमें वाहनों का इंतजाम कराया गया है। इसके बावजूद यदि समस्या बनी हुई है तो उसका निदान भी किया जाएगा। कोई वाहन निर्धारित रेट से ज्यादा वसूलता पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। -सुरेंद्र कुमार एआरटीओ टिहरी
