विधायक को आपदा के आठवें दिन आई जनता याद

थराली/नारायणबगड़। बाढ़ के आठवें दिन आखिरकार थराली विधायक डा. जीतराम पीड़ितों का हालचाल पूछने पहुंच ही गए हैं, लेकिन उन्हें यहां लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। हालांकि विधायक अपने 50 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में निकले थे और महज तहसील कार्यालय तक ही अपने मिलन कार्यक्रम को सीमित रखा। अपराह्न बाद विधायक नारायणबगड़ राहत शिविर पहुंचे, जहां गुस्साए आपदा प्रभावितों ने विधायक का घेराव किया।
सोमवार को विधायक डा. जीतराम को आखिरकार क्षेत्र की आपदा की सुध आ ही गई, लेकिन जनता की नाराजगी का भान विधायक को रहा। यही वजह है कि विधायक ने तहसील मुख्यालय पर भ्रमण करना उचित नहीं समझा और करीब 50 कार्यकर्ताओं के सुरक्षा घेरे में तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसील परिसर में ही विधायक ने अधिकारियों के साथ बात की। इधर, विधायक के नारायणबगड़ पहुंचने पर आपदा प्रभावितों का गुस्सा भड़क उठा। व्यापार संघ अध्यक्ष प्रदीप नेगी के नेतृत्व में प्रभावितों ने विधायक का घेराव किया और चेतावनी दी कि यदि प्रभावितों के रोजगार और विस्थापन संबंधी निर्णय शीघ्र नहीं लिए गए, तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सीता नेगी, पीड़ित भगत सिंह, नरेंद्र सिंह, दिनेश नेगी, यशपाल नेगी, हरेंद्र सिंह, देवेंद्र मनियारी, देव सिंह नेगी आदि शामिल थे।

Related posts